महिला की कार रोककर उसके पति और दोस्तों ने की मारपीट
- महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
- पुलिस ने कराया महिला का मेडिकल, कई जगह रहे हैँ चोटों के निशान
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सोमवार को सेक्टर-4 में पति ने अपनी पत्नी के साथ जमकर मारपीट की। घटना के दौरान महिला को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने की कोशिश हुई, लेकिन पत्नी की दोस्त के बीच बचाव के चलते वह सफल नहीं हुआ। महिला ने बताया कि उसका अपने पति मनोज से कुछ समय से विवाद चल रहा है और वह बेटी को भी उठाकर ले गये थे, जिसकी उसने महिला थाना पुलिस को शिकायत दे रखी है। इसी वजह से पति और ससुराल वाले उसके खिलाफ हैं। पिछले लंबे समय से उसका पीछा कर मारने की धमकी भी दे रहे हैं। महिला ने बताया कि आज सुबह अपनी दोस्त के साथ गाड़ी में जा रही थी, तो अचानक उसके मनोज ने दोस्त की गाड़ी के आगे गाड़ी लगा दी और जबरन दूसरी गाड़ी में बैठाने की कोशिश की, जिसमें तीन लोग सवार थे। गाड़ी में सवार तीन लोगों ने भी उससे मारपीट की। इस दौरान महिला की दोस्त ने उसका बचाव किया। महिला ने अपने पति और उसके दोस्तों के खिलाफ महिला पुलिस थाने में शिकायत दे दी है। महिला पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। महिला ने अस्पताल के सुकून केंद्र में जाकर अपना मेडिकल कराया है।
महिला ने लगाए आरोप पति पैसे के लिए हमेशा करता मारपीट
महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति मनोज ने उससे मारपीट की है। मनोज ने महिला के नाम पर 25 लाख रुपये से ज्यादा का लोन ले रखा है। महिला उसकी किस्त खुद ही भर रही है। महिला ने आरोप लगाया कि मनोज ने उनकी छोटी बेटी को गायब कर दिया है। पुलिस को शिकायत देने के बाद इस पर कोई जांच नहीं हुई है।
महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच के बाद अगर कोई दोषी पाया गया तो उस पर सख्त कार्रवाई जाएगी।
- अजीत सिंह, महिला थाना प्रभारी, सेक्टर-5