नाबालिग को भगाकर ले जाने वाले आरोपी पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-9 में खाना बनाने का काम करने वाली नाबालिग को भगाकर ले जाने वाले आरोपी कलवा पर सेक्टर-5 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। नाबालिग की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी सेक्टर-9 की कोठी में खाना बनाने का काम करती थी। वह बहाना बनाकर 17 मार्च को कोठी से चली गई। इसके बाद जब उसकी मां ने कोठी मालकिन से पूछा तो बताया कि उसकी बेटी सुबह दस बजे घर से निकल गई है। मां ने अपने स्तर पर खोजबीन की। जब बेटी ने नहीं मिली तो मां ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी कलवा खड़क मंगोली का रहने वाला है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।