सामूहिक दुष्कर्म केस में समझौता न करने पर दी जान से मारने की धमकी
- सेक्टर-14 थाना पुलिस ने केस दर्ज शुरू कर दी है तफ्तीश
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। युवती से दुष्कर्म के तीन आरोपियों ने समझौते का दबाव बनाने के लिए जान से मारने की भी धमकी दी। शिकायत पर सेक्टर-14 थाना पुलिस ने जान से मारने की धमकी और षड्यंत्र रचने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में प्रवीण चावला निवासी टोहना ने बताया कि वह पंचकूला सेक्टर-12ए में रहता है और पंचायती समझौते में भी शामिल रहा था। इसके अलावा दुष्कर्म के तीनों आरोपी पंचायती समझौते को मानने से इंकार कर चुके हैं।
गौरतलब है कि दुष्कर्म के तीनों आरोपी आशीष ढींगरा, गौरव कपूर और आकाश वर्मा ने फतेहाबाद की लड़की से टोहाना में सामूहिक दुष्कर्म किया था। इन पर टोहाना थाने में केस दर्ज किया गया था। कुछ पंचायती व्यक्तियों के दबाव में मामले में समझौता हो गया था। समझौते में दुष्कर्म का एक आरोपी आशीष ढींगरा लड़की से शादी को तैयार था। इसलिए युवती के माता-पिता गवाही से मुकर गए थे। इसके बाद दुष्कर्म के आरोपी ने शादी करने से इंकार कर दिया। शादी से मुकरने पर युवती ने कोर्ट में गवाही की अर्जी दायर की थी, जो मंजूर हो गई थी। इसके बाद तीनों आरोपियों ने प्रवीण कुमार को धमकी देते हुए कहा कि अगर समझौता न कराया और वे जेल चले गए तो तुम्हें गोली मार देंगे। पुलिस ने प्रवीण कुमार की शिकायत पर सेक्टर-14 थाने में केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी यशदीप सिंह ने बताया कि प्रवीण की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पी पंचायती समझौते को मानने से इंकार कर रहे हैं।