हमले की शिकार सीआरपीएफ की बस कालका में थी रजिस्टर्ड
- सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र पिंजौर ने करवाया था बस का रजिस्ट्रेशन
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा रहे सीआरपीएफ काफिले की जिस बस पर आतंकी फिदायीन आदिल अहमद ने कार से टक्कर मारी दी वह बस सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र पिंजौर से संबधित थी। हालांकि हमले के दौरान इस बस में कोई भी जवान सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र पिंजौर का नहीं था। सहायक कमांडेंट सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र पिंजौर एसएन दीक्षित ने बताया कि पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों से भरी जिस बस पर आतंकियों ने आत्मघाती हमला किया, वह बस एचआर 49 एफ 0637 ग्रुप केंद्र पिंजौर से ही संबधित है और उनके रिकार्ड के अनुसार कालका रजिस्ट्रेशन कार्यालय में इस बस का नंबर रजिस्टर्ड है। उन्होंने बताया कि जब भी सीआरपीएफ में नई बसें आती हैं तो उनको नजदीकी ग्रुप केंद्र में भेजा जाता है। उसके बाद उनका रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद उन बसों को अलग-अलग बटालियन के सुपुर्द कर दिया जाता है। दीक्षित ने बताया कि यह बस भी सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र पिंजौर के माध्यम से कालका रजिस्ट्रेशन कार्यालय में एचआर 49 एफ 0637 नंबर से रजिस्टर्ड है और इस बस को 2008 में रजिस्ट्रेशन करवा कर अप्रैल माह में 76 बटालियन के सुपुर्द कर दिया गया था।