पूर्व फौजी के घर पर किया पथराव
अपनी सुरक्षा में किए दो हवाई फायर, आरोपी मौके से भागे
पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर। करीब 12 युवकों ने एक पूर्व फौजी के घर पर पथराव कर उसके साथ मारपीट की। अपनी सुरक्षा के लिए पूर्व फौजी ने लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर किया तो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूर्व फौजी की शिकायत के आधार पर करीब आधा दर्जन युवकों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पूर्व फौजी जसवंत सिंह निवासी सुभाष नगर कालोनी एचएमटी पिंजौर ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे वह अपने परिवार सहित घर में मौजूद था। घर के बाहर करीब 12 युवकों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और उसके घर पर पथराव भी किया। उसके बाद आरोपी युवक उसके घर के भीतर घुस गए और उनमें से कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान शोर सुनकर उसके परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर आ गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि अपने परिवार की सुरक्षा के लिए उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से दो हवाई फायर किए जिससे डर कर आरोपी हमलावर फरार हो गए।
पूर्व फौजी शिकायत में बताया कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी युवकों की उसके भाई जगतार सिंह के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। पुलिस ने फौजी जसवंत सिंह की शिकायत पर आरोपी मलकीत सिंह, राजेश कुमार, हरविंद्र सिंह, अश्वनी कुमार, हरीश कुमार, आशिफ के साथ साथ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।