ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, दो अन्य घायल
- बद्दी से लौट रहे तीन बाइक सवार को ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर
- टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक के साथ मौके से फरार
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर। अपने काम बाइक पर सवार होकर वापस अपने घर प्रीतम कालोनी मढ़ावाला आ रहे बाइक चालक को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। घटना में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक पर सवार अन्य दो लोग टक्कर लगने से घायल हो गए। पुलिस को दी शिकायत में अताबुर रहमान निवासी गांव कोचगामा दुलावाडी बिहार ने बताया कि उसका बड़ा भाई असरफ उलहक, चाचा अब्दुल घन्नी और वह बद्दी हिमाचल प्रदेश में पेंट का काम करते हैं। जो फिलहाल प्रीतम कालोनी मढ़ावाला में किराए के मकान में रहते हैं। रविवार को जब वे काम से एक बाइक पर सवार होकर वापस बद्दी से अपने घर प्रीतम कालोनी के लिए आ रहे थे। तो शाम करीब साढ़े 6 बजे जैसे ही वे गांव नवांनगर टी प्वांइट के समीप पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि टक्कर लगते ही वह और उसका भाई सड़क के एक तरफ गिर गए जबकि बाइक चला रहा उसका चाचा अब्दुल घन्नी सड़क पर गिर गया। सड़क पर गिरते ही पीछे से आ रहे ट्रक का टायर उसके चाचा के सिर के ऊपर से गुजर गया जिस कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक बाइक को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना में उसके मामूली चोटें आईं हैं जबकि उसका भाई अभी उपचाराधीन है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को गुहार लगाते हुए ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।