टिपरा रेलवे कालोनी के बंद घर में लगाई सेंध
- चोरों ने डायमंड के ईयर रिंग और अंगूठी पर किया हाथ साफ
- कुछ ही दूरी पर बने एक अन्य घर का भी टूटा हुआ था लॉक
अमर उजाला ब्यूरो
कालका। टिपरा रेलवे कालोनी के एक बंद घर में चोरों ने सेंध लगा दी। जानकारी देते हुए मानसी हांडा ने बताया कि उनका कजिन गौरव अपनी धर्मपत्नी के साथ किराए के मकान में रहता है। उन्होंने बताया कि उनकी भाभी को हाल ही में पीजीआई में बेटा हुआ था जिसके चलते गौरव शुक्रवार दोपहर को घर लॉक कर पीजीआई गया हुआ था। उन्होंने बताया कि बीती रात गौरव के घर से आवाजें आ रही थी। इसके बाद पड़ोसियों ने देखा कि गौरव के घर के मेन गेट का लॉक टूटा होने की सूचना उन्हें दी, जिसके तुरंत बाद कालोनी के प्रधान संजीव भारद्वाज और उपप्रधान अनूप शर्मा को जानकारी दी। उन्होंने तुरंत कालका पुलिस को सूचित किया। वहीं जब घर के अंदर देखा तो मेन दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी और कमरे में रखी अलमारी का सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। इस दौरान कमरे में एक लोहे की रॉड भी पड़ी हुई थी। गौरव ने बताया कि चोरों ने घर में पड़े डायमंड के ईयर रिंग और डायमंड की अंगूठी पर हाथ साफ कर दिया जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये तक होगी।
कुछ ही दूरी पर बने घर का भी टूटा था लॉक
टिपरा रेलवे कालोनी प्रधान संजीव भारद्वाज ने बताया कि चोरों ने शुक्रवार देर रात ही गौरव के घर से कुछ ही दूरी पर बने एक ओर बंद घर का लॉक तोड़ा हुआ था। उन्होंने बताया कि चोरों ने उस घर के दरवाजे का लॉक तो तोड़ दिया था लेकिन चोरी नहीं कर पाए। उन्होंने अंदेशा जताया कि शायद उस दौरान उस घर में रहने वाला एक किराएदार ड्यूटी से वापस लौट रहा था जिसकी आहट सुनकर चोर चोरी की वारदात को अंजाम दिए बिना फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस एरिया में बीते कुछ समय में ही चोरी के कई मामले सामने आ चुके हैं, लोगों ने एरिया में पुलिस गश्त करने की मांग की।
कालका थाना एसएचओ ललित कुमार ने बताया कि इस बाबत कोई कंप्लेंट थाने में नहीं आई है, यदि कोई कम्प्लेंट आती है तो उस पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।