राम रहीम की पेशी को लेकर पुलिस ने शुरू की रिहर्सल
- पुलिस अधिकारियों ने बढ़ाई कोर्ट परिसर में सुरक्षा
- कोर्ट में आने-जाने वालों की शुरू हुई चेकिंग
- खुफिया एजेंसियां को दिशानिर्देश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। 11 जनवरी को पंचकूला स्थित विशेष सीबीआई कोर्ट में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की पेशी होनी है। पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में फैसला आने की संभावना है। इसी के मद्देनजर जहां कोर्ट परिसर से लेकर सेक्टर-एक की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। वहीं पुलिस अधिकारी और जवानों ने शहर में शांति का माहौल बनाए रखने के लिए रिहर्सल शुरू कर दी है। शुक्रवार को जहां करीब दो घंटे इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 में करीब डेढ़ घंटे अधिकारियों ने मंथन किया। वहीं, कोर्ट परिसर में आने-जाने वालों पर जवानों की पैनी नजर रही। सुरक्षा की दृष्टि से जहां कोर्ट में एक पीसीआर तैनात कर दी गई है। वहीं, परिसर के मुख्य गेट पर बैरीकेट समेत कांटे वाले तार का जंगला लगा दिया गया है।
हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
गुरमीत राम रहीम की पेशी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी हाई अलर्ट पर हैं। वह शहर के हर हलचल की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा रहे हैं। सबसे ज्यादा नजर शहर में स्थित नामचर्चा घरों पर है। यहां कौन और कब आ रहा है इसकी पूरी खबर रखी जा रही है। वहीं, शहर में नाकों की संख्या बढ़ाने के साथ पुलिस जवानों ने गाड़ियों की चेकिंग भी शुरू कर दी है।
पेशी को लेकर शिअद डीसी को सौंपेंगे ज्ञापन
शिरोमणि अकाली दल पंचकूला का एक शिष्ट मंडल जिला अध्यक्ष मलविंदर सिंह बेदी की अध्यक्षता में उपायुक्त को ज्ञापन सौंप सकता है। शिअद नेताओं का कहना है कि 11 जनवरी को गुरमीत राम रहीम की कोर्ट में पेशी है, जबकि 10 जनवरी को गुरु पर्व को लेकर शहर में विशाल नगर कीर्तन निकलना है। जिसके चलते शहर का माहौल तनावपूर्ण हो सकता है।