पिटाई और बेइज्जत किए जाने पर युवक ने दी जान
महिलाओं ने फोन पर की गाली-गलौज, दुकान में आकर युवक को पीटा, तोड़फोड़ की
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। कस्बा धनौला में बिजली की दुकान पर तोड़फोड़, उसकी पिटाई और बेइज्जत किए जाने से परेशान होकर एक युवक ने घर में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। बक्शीश सिंह उर्फ बब्बू पुत्र शेर सिंह निवासी भैणी साहिब धनौला अतर सिंह वाला रोड पर इलेक्ट्रॉनिक की दुकान करता था। दुकान पर दो महिलाओं ने उससे फोन कर गाली गलौज की, जिससे वह परेशान था। दुकान पर काम कर रहे संदीप सिंह व अमनदीप सिंह ने बताया कि महिलाओं ने बख्शीश सिंह को बुरी तरह पीटा और दुकान में तोड़फोड़ भी की थी। जिससे परेशान होकर उसने घर पर जाकर फंदा लगा लिया व उसकी मौत हो गई। जानकारी देते हुए मृतक के पिता शेर सिंह ने बताया कि जब इस घटना के बाद वह अपने बेटे को दुकान पर तलाशने पहुंचे, तो वह नहीं मिला। जिसके बाद घर आकर उसे ढूंढने लगे तो बेटा ने कमरे में खुद को अंदर से ताला लगा रखा था। जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने दरवाजा तोड़ा। वहां देखा कि उसका बेटा पंखे से फंदा लगा लटक रहा है। घटना के बाद पीड़ित परिवार में मातम छा गया व घटना के संबंध में थाना धनौला की पुलिस ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके बाद दुखी परिवार के सदस्यों ने मृतक का शव रखकर थाना धनौला के आगे प्रदर्शन कर और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। धरने को संबोधित करते हुए एमसी रछपाल सिंह, बबली सरा, गुरप्रीत सिंह सोनी साबका शहरी प्रधान अकाली दल, गौरव कुमार बंसल, चरणजीत सिंह, संदीप सिंह, हरप्रीत सिंह सहित अन्य उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी महिलाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। डीएसपी राजेश कुमार छिब्बर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।