रोपड़ पुलिस ने मेडिकल नशे के साथ पकड़े दो आरोपी
चोरी के साढे़ तीन लाख रुपये बरामद, मामा के घर से किए थे चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
रोपड़। थाना सिटी पुलिस ने दो युवाओं को नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने चोरी के साढे़ तीन लाख रुपये भी बरामद किए हैं। आरोपी ने अपने मामा के घर पर ही चार लाख रुपये चोरी किए थे। पुलिस ने कुल रकम से तीन लाख 35 हजार रुपये की रकम आरोपी करण आनंद हनी (बच्ची) निवासी मकान नंबर 2504, मोहल्ला फूल चक्कर से बरामद की है। एसपी (डी) बलविंदर सिहं चीमा ने थाना सिटी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि करण आनंद हनी (बच्ची) और दूसरे आरोपी हनी निवासी मकान नंबर 1306 मोहल्ला छोटा खेड़ा को पटवारखाना चौक के पास एएसआई कृष्ण लाल द्वारा लगाए नाके पर तलाशी के लिए रोका। पकड़े गए आनंद हनी से 20 इंजेक्शन, तीन पैकेज नशे की गोलियां बरामद की हैं। जबकि दूसरे आरोपी हनी से सात इंजेक्शन व तीन पैकेज नशे की गोलियां बरामद की हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत एफआईआर दर्ज की है। इस दौरान आरोपित आनंद हनी उर्फ बच्ची ने बताया कि उसने अपने मामा शालू के घर मोहल्ला चार हट्टियां में 15 सितंबर की रात चोरी की थी। शालू ने अपने घर पर साढ़े चार लाख रुपये कैश रखे हुए थे। जिसके बारे में आरोपी बच्ची ने को पता चल गया। उसने मौके का फायदा उठाते हुए साथी हनी को लेकर इस चोरी को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को पहले दर्ज एफआईआर नंबर 189 में नामजद कर लिया है। एसपी (डी) रंधावा ने कहा कि पूछताछ में और चोरियां करने का खुलासा होने की आशा है।