तेजरफ्तार ने ली दो दोस्तों की जान, दो साथी घायल
दोस्त का बर्थ डे मना लौट रहे थे, ट्रक से टकराई कार
दसूहा रोड पर बागपुर-भीखोवाल गांव के पास हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
होशियारपुर। हरियाना रोड पर रविवार देर रात बागपुर गांव के करीब सड़क हादसे में होशियारपुर से दोस्त का बर्थ डे मना अपने गांव कंगमाई लौट रहे स्विफ्ट कार सवार 2 दोस्तों की मौत हो गई और 2 घायल हो गए। हादसे से कार के जहां परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही थाना हरियाना पुलिस मौके पर पहुंच शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान सत स्वरूप निवासी गांव रहिमापुर नजदीक मैहंगरोवाल व करणवीर सिंह निवासी कंगमाई के तौर पर हुई है। हादसे में घायल परमिंदर सिंह उर्फ गोना निवासी गांव लैहल को डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत के चलते डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया। हादसे में घायल गगनदीप सिंह निवासी लुधियाना को भी निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार चारों दोस्त अपने 4 अन्य दोस्तों के साथ होशियारपुर अपने किसी दोस्त के जन्मदिन समारोह में हिस्सा लेने आए थे। लौटते समय रास्ते में जम्मू से होशियारपुर की तरफ आ रहे ट्रक से कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में सत स्वरूप व करणवीर की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को कार से निकाल होशियारपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया।