दिन दहाडे़ दो महिलाओं के कानों से बालियां झपटीं
लक्खी कॉलोनी में हुई चोरी, पुलिस कर रही तीनों मामलों की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। बरनाला में शनिवार को दिन दहाडे़ तीन घटनाएं होने के कारण व्यापारियों में खौफ है। लुटेरों ने दो महिलाओं के कानों से बालियां झपट लीं। जबकि लक्खी कालोनी में स्थित एक मकान में चोरी की वारदात हुई। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच में जुट गई हैं। बरनाला निवासी निर्मला देवी, जो शहीद भगत सिंह पार्क से सैर करके अपने घर लौट रही थी, ने बताया कि जब वह केसी रोड पर 10 नंबर गली में एक अन्य महिला के साथ बातें कर रही थी तो एक स्कूटर पर दो युवक सवार होकर आए और उन्होंने उसके कानों से सोने की बालियां छीनकर स्कूटर पर फरार हो गए। घायल निर्मला देवी को अस्पताल ले जाया गया जहां पर उसके कानों का इलाज चल रहा है। दूसरी घटना अनुसार पुष्पा देवी पत्नी विजेंद्र कुमार लखी कॉलोनी गली नंबर 11 बरनाला अपने घर के आगे बैठी थी कि एक बाइक पर सवार दो युवक आए उनमें से एक युवक ने आकर किसी का पता पूछा, इसी दौरान उस युवक ने उसके एक कानों से सोने की बालियां छीन कर फरार हो गए। तीसरी घटना अनुसार दोपहर को स्थानीय लक्खी कालोनी गली नंबर 12 में एक बंद कोठी की चोरों ने दीवार फांदकर लकड़ी का मेन गेट को तोड़कर अलमारी को खोलने का प्रयास किया, परंतु अलमारियां नहीं खुली तो उन्होंने कोठी के एक कमरे में नौकर का रखा सारा सामान लेकर फरार हो गए । पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर इसकी जांच शुरु कर दी हैं। घर के मालिक आरएसएस के कार्यकर्ता व प्रसिद्ध समाजसेवी मनीश बांसल व उनकी पत्नी लेक्चरर शिखा बांसल ने बताया कि उनके घर में दोपहर करीब एक बजे नौकरानी सफाई करके चली गई थी और दोपहर 2:10 पर वह खुद अपने घर आए तो मेन गेट का ताला खोलकर अंदर गए तो देखा कि अंदर लकड़ी का दरवाजा बुरी तरह से तोड़ा हुआ था व अलमारी के ताले को तोड़ने का प्रयास किया गया था, लेकिन बड़ी चोरी होने से बच गई व उनके नौकर के कमरे में रखा बर्तन आदि का सारा सामान लेकर फरार हो गए। एसएसपी हरजीत सिंह ने कहा कि जांच के लिए डीएसपी डीएसपी सिटी राजेश छिब्बर व सिटी प्रभारी गुरवीर सिंह की ड्यूटी लगाई गई है, जिन्होंने कहा कि पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर केस की जांच गहराई से कर रही हैं, जल्द ही चोरों को काबू कर लिया जाएगा।