नशीले पाउडर और हथियारों के साथ दो गिरफ्तार
वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, तीन अन्य फरार
अमर उजाला ब्यूरो
रोपड़। जिला पुलिस ने दो व्यक्तियों को देसी कट्टे, नशीले पाउडर तथा दो बाइक समेत पकड़ा है। ये लोग किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। जिला पुलिस मुखी के दिशा निर्देशों के अनुसार संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत डीएसपी श्री आनंदपुर साहिब रमिंदर सिंह कहलों ने बताया कि चौकी इंचार्ज भरतगढ़ गुरमुख सिंह सहित पुलिस टीम द्वारा भरतगढ़ टी प्वाइंट दबोटा पर गश्त कर रहे थे तो उनको गुप्त सूचना मिली कि दारा सिंह उर्फ दारा पुत्र स्वर्ण सिंह निवासी मियांपुर, ताज मोहम्मद उर्फ ताजू पुत्र रोशन दीन निवासी गांव मियांपुर, गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रीति पुत्र सुच्चा सिंह निवासी गांव दाढ़ी, सत्ती निवासी नालागढ़, जिला सोलन, गुरचरण सिंह उर्फ चन्नी पुत्र कमल कुमार निवासी अमली थाना नालागढ़ लोक निमार्ण विभाग के पुराने रेस्ट हाउस की बिल्डिंग, भरतगढ़ के समीप छिपे हैं। आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। जिस पर पुलिस पार्टी ने मौके पर रेड कर दारा सिंह उर्फ दारा तथा गुरचरण सिंह उर्फ चन्नी को मौके से गिरफ्तार किया। जिसके पास से एक बुलेट ओर एक प्लेटिना बाइक बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि इनके पास से देसी कट्टा, 50 ग्राम नशीला पाउडर भी बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान अन्य तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने 399, 402 आईपीसी 25/54/59 आर्म्स एक्ट तथा 22 6185 एनडीपीसी एक्ट के अधीन मामला दर्ज कर लिया है।