सफाई सेवक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर
-सफाई सेवकों ने किया जोगी व बाजीगर बस्ती का बायकाट
-मृत पशु फेंकने गए सफाई सेवकों को हमला कर घायल करने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। हड्डा रोड़ी पर वीरवार को मृत पशु फेंकने गए सफाई सेवकों पर तपा निवासियों ने हमला कर दिया था। इसमें चार सफाई सेवकों को चोटें आई थीं। इससे गुस्साए सफाई सेवकों ने शुक्रवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। सभी घायल सिविल अस्पताल में भर्ती हैं।
सफाई सेवक यूनियन के प्रधान राज कुमार, लव कुमार, अमनदीप, धर्मवीर, शिवकुमार, दीपक, आशा रानी, सरोज रानी, बिमला देवी, शकुंतला देवी, माया देवी, रीटा, मंजू, शीला ने बताया कि उन्होंने सफाई सेवकों पर हुए हमले के विरोध में बाजीगर बस्ती व जोगी बस्ती का बायकाट कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनका कोई भी सफाई सेवक इन दोनों बस्तियों में सफाई करने नहीं जाएगा व क्षेत्र निवासी किसी भी कोने में मुर्दा जानवर पड़ा हो, वह किसी भी कीमत पर नहीं उठाएंगे, सिर्फ क्षेत्र की सफाई संबंधी ही कार्य करेंगे। उन्होंने प्रबंधकीय अधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि उन पर हमला करने वालों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। इस मामले को लेकर क्षेत्र निवासी एकत्र होकर नगर काउंसिल प्रधान अश्वनी कुमार आशु भूत को मिले, तो नगर काउंसिल प्रधान ने समूह क्षेत्र निवासियों को विश्वास दिलाया कि वह प्रबंधकीय अधिकारियों व सफाई सेवकों के साथ बातचीत करके इस मसले को जल्द से जल्द समाधान करवा देंगे।
सफाई सेवकों ने बंद किया बस्ती वालों का पानी बंद
तपामंडी में हड्डा रोड़ी के विरोध में हुई मारपीट के विरोध में सफाई सेवकों ने वीरवार को बस्ती की पानी की सप्लाई बंद कर दी थाी। इस कारण क्षेत्र निवासियों को काफी परेशानियां का सामना करना पड़ा। शुक्रवार सुबह पानी नहीं आने के कारण लोगों को अपने प्रतिदिन के कार्य जैसे बच्चों को नहला कर स्कूल भेजना, खुद काम पर जाना, रसोई व घरेलू कार्य सभी पानी नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। लोगों ने पानी बंद करने का आरोप सफाई सेवकों पर लगाया। इस समस्या को लेकर नगर काउंसिल के प्रधान आशू भूत से भी मिले, लेकिन वह भी सफाई सेवकों के पक्ष में खड़े दिखाई दिए। इस कारण पानी की समस्या का को समाधान नही हो पाया। क्योंकि उनपर भी सफाई सेविकों का दबाव दिखाई दे रहा था।
क्या कहते हैं डीसी : डीसी बरनाला धर्मपाल गुप्ता ने कहा कि सफाई सेवकों पर हुए हमले की जांच करने के लिए एसडीएम तपा से कह दिया गया है। साथ ही नगर काउंसिल तपा के प्रधान व ईओ को तलब किया है। सफाई सेवकों द्वारा बस्ती का पानी बंद करने के संबंध में डीसी ने कहा कि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
12 लोगों पर केस दर्ज : थाना तपा के सिटी इंचार्ज सहायक थानेदार सर्बजीत सिंह ने बताया कि बाजीगर बस्ती निवासियों द्वारा नगर काउंसिल के मुलाजिमों पर लाठियाें से हमला करने व पुलिस से हाथापाई करने पर 12 व्यक्तियों पर मामला दर्ज किया गया है। इनमें ज्ञान सिंह, सुखदेव सिंह, बबली कौर, गौरा कौर, डॉक्टर संदीप, बीरा सिंह, खान, मंगत, पम्मी, परमजीत कौर, जोगा, संदीप सिंह सभी निवासी तपा व 20-25 अज्ञात व्यक्तियों पर केस दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिनको जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।