सड़क हादसे में बाइक सवार की जान गई
मोगा। जलालाबाद रोड पर शुक्रवार की रात अज्ञात कंटेनर की चपेट में आकर बाइक सवार गुरदीप सिंह (40) निवासी गांव गालिब कलां की मौत हो गई। थाना मैहना के सहायक थानेदार मनजिंदर सिंह ने बताया मृतक के बेटे जसवंत सिंह उर्फ सोनू के बयानों पर अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गुरदीप सिंह पशु पालन विभाग में काम करता था और बाइक पर गांव दाता की तरफ से गालिब कलां अपने गांव जा रहा था। जलालाबाद रोड पर तेज रफ्तार कंटेनर चालक ने उसे टक्कर मार दी। पीछे आ रहे उसके बेटे व परिजनों ने गुरदीप को सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया। वहां उसने दम तोड़ दिया। जांच अधिकारी सहायक थानेदार मनजिंदर सिंह ने बताया सिविल अस्पताल मोगा से पोस्टमार्टम करवाने के बाद गुरदीप सिंह का शव परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी कंटेनर चालक के बारे में पता लगाया जा रहा है।