सवा 11 हजार की जाली करंसी समेत दो काबू
-डीएसपी आफिस के सामने मस्जिद में सेवा करने के बहाने श्रद्धालु होने का करते रहे हैं नाटक
बरनाला। पुलिस ने मार्केट में जाली करंसी फैलाने जा रहे मुस्लिम समुदाय से संबंधित दो लोगों को हिरासत में लिया है। उनके पास से 100-100 के एक ही श्रृंखला वाले 11 हजार तीन सौ रुपये बरामद किए है। आरोपियों की पहचान हंस मुहम्मद पुत्र भूरे खां, अकबर खां पुत्र भूरे खां निवासी बरनाला के तौर पर हुई है। सिटी थाना-1 के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 489-ए, 489-बी, 489-सी, 489-डी, 420, 120-बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को जज रजिंदर सिंह नागपाल जेएमआईसी की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपियों को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई रणधीर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी मोटरसाइकिल नंबर पीबी 19एच-1905 पर सवार होकर मार्केट जा रहे थे। जिन्हें फव्वारा चौक के पास शक के आधार पर चेकिंग करते समय काबू किया गया। उन्होंने बताया कि दोनों भाई हंस मुहम्मद व अकबर खां डीएसपी आफिस के सामने स्थित मस्जिद में श्रद्धालु बन कर सेवा करने का नाटक करते रहे हैं।