बुलेरो लूट का एक आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ में बताया ट्रक के टायर खराब हो गए थे, इसलिए की वारदात
पिस्तौल और कारतूस बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नवांशहर। नवांशहर सीआईए स्टाफ पुलिस ने होशियारपुर के गांव बड्डों के पास से एक महिंदरा बलैरो गाड़ी छीन कर फरार हुए दो लोगों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े आरोपी से पुलिस ने एक पिस्तौल व 2 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की कार्रवाई में दूसरा आरोपी फरार हो गया। आरोपी के पास अपना ट्रक है तथा उसके टायर बदले जाने थे। टायरों के लिए उसके पास पैसे नहीं थे। ऐसे में उसने ड्राइवर के साथ मिलकर लूट को अंजाम दिया। जानकारी देते हुए डीएसपी (डी) हरविंदर सिंह व सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरिंदर चांद ने बताया कि कुछ दिन पहले होशियारपुर के गांव बड्डों के पास से दो लोगों ने महिंद्रा बुलेरो गाड़ी लूटी थी। पुलिस को इनके बारे में गुप्त सूचना मिली थी कि ये लोग काठगढ़ में घूम रहे हैं। इसके तहत पुलिस टीम ने आंसरों के पास गाड़ी में जा रहे दोनों आरोपियों में से एक आरोपी होशियारपुर के गांव बुल्लोवाल निवासी शविंदर पाल सिंह टिम्मा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका दूसरे साथी दालमवाल निवासी कुलदीप फरार हो गया। डीएसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए आरोपी शविंदर पाल ने बताया कि उसके ट्रक के टायर पुराने हो चुके थे व बदले जाने थे, मगर उसके पास टायर खरीदने के लिए पैसे नहीं थे। जिसके चलते उन्होंने कार को लूटने का प्लान बनाया। इसके तहत इन लोगों ने 17 जून को गांव गुज्जरपुर निवासी सुरिंदर की बुलेरो गाड़ी किराए पर ली। इन लोगों ने सुरिंदर को कहा कि उनकी फोर्ड फिस्टा कार खराब हो गई है तथा उसे टोचन करके ले जाना है। रास्ते में आरोपियों ने बुलेरो चालक को पैसे देने के लिए कार रुकवाई तथा वहां पर पिस्तौल दिखा गाड़ी व अपनी गाड़ी फोर्ड फिस्टा ले गए। इस दौरान सीआईए स्टाफ पुलिस इंचार्ज सुरिंदर चांद ने बताया कि शविंदरपाल सिंह पर मारपीट के तीन व एनडीपीएस का एक मामला दर्ज है। एक मामले में वह सजा भी भुगत चुका है।