असली बताकर नकली सोना देने वाले धरे, तीन गिरफ्तार
मानसा।
एसएसपी मानसा परमबीर सिंह परमार ने बताया कि जिले में कई दिनों से लोगों को असली सोना बताकर नकली सोना देने की शिकायतें मिल रही थी। इसके तहत डीएसपी नरिंदरपाल सिंह वड़िंग, डीएसपी गुरशरण सिंह मानसा और इंचार्ज सीआईए स्टाफ जगदीश शर्मा की एक टीम गठित की गई थी। उनकी रहनुमाई में पुलिस पार्टी ने 11 जून को उक्त गिरोह के सदस्यों मनोज निवासी कलाल शिव बिहार-161 दिल्ली, ईश्वर और बबली निवासी नजदीक राम पार्क रोहिनी सेक्टर नंबर 23 मकान नंबर ए -89 दिल्ली को नजदीक डीसी तिनकोनी मानसा से काबू करके इनके कब्जे में से करीब 2 किलो नकली सोने की चेन और मुदई हरभजन सिंह से लिए गए 3500 रुपये और एक असली सोने का मोती बरामद करवाकर थाना सिटी-2 मानसा में मामला दर्ज करवाया है। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वह गांवों में भोले भाले लोगों को यह कहते थे कि उन्हें खुदाई करते समय सोना निकला है उसे कम रेट पर देंगे। उन्होंने ऐसी कई ठगी लुधियाना, बरनाला, धूरी व और शहरों में भी अलग-अलग स्थानों पर मारी हैं। आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड हासिल किया जा रहा है। उनसे और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।