डीआरएम ने दबोचे दो अवैध वेंडर
आरपीएफ ने वेंडरों से पकड़ी गई खाने की थालियों को किया जब्त
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। कैंट रेलवे स्टेशन फिरोज पर जालंधर से लौटते समय देर रात्रि डीआरएम ने दो अवैध वेंडरों को खाना बेचते पकड़कर आरपीएफ के हवाले कर दिया। आरपीएफ ने दोनों पर रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अदालत में पेश किया। अवैध वेंडरों को आरपीएफ से छुड़वाने के लिए कामर्शियल के कुछ मुलाजिम कथित रूप से प्रयास करते रहे।
अवैध वेंडरों के विरुद्ध चलाए जा रहे व्यापक अभियान की जमीनी हकीकत देख फिरोजपुर डीआरएम विवेक कुमार उस समय हैरान हो गए, जब उनके सामने ही बठिंडा से खाना लेकर फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन पर बेंचने आए दो युवकों (अमित व कृष्णपाल) को उन्होंने पकड़ लिया। दोनों ने पूछे जाने पर अपना परिचय बताया और कहा कि जम्मूतवी-अहमदाबाद एक्सप्रेस लेट हो गई थी, इसलिए वह यह खाना बठिंडा से यहां देने आए है। अवैध वेंडरों का व्यवहार देख डीआरएम विवेक कुमार ने तुरंत ही आरपीएफ को बुलाया गया और अवैध वेंडरों के विरुद्ध कार्रवाई की बात की।
साथ ही स्टेशन के डिप्टी अधीक्षक को भविष्य में अवैध वेंडरों पर निगाह रखने का भी आदेश दिया। डीआरएम के स्टेशन से जाते ही सूत्रों के अनुसार दोनों अवैध वेंडरों को आरपीएफ कस्टडी से छुड़वाने के लिए कामर्शियल के कुछेक कर्मी सक्रिय हो गए। मामला डीआरएम के ध्यान में होने के कारण उन्हें निराशा ही हाथ लगी। जब कर्मियों को अपनी मंशा में सफलता मिलते नहीं दिखी तो उन्होंने आरपीएफ अधिकारियों तक खाना गरीबों में बंटवाने का संदेश भेजवाकर मामले को हलका करने की कोशिश। आरपीएफ अधिकारी इसके लिए भी तैयार नहीं हुए। आरपीएफ के पोस्ट कमांडर राजेंद्र कुमार ने बताया कि डीआरएम की ओर से खाना बेचते पकड़े गए दोनों वेंडरों के विरुद्ध रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, दोनों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है, उन्होंने बताया कि इस महीने अब तक 55 अवैध वेंडरों को पकड़ा गया है।