सभ्याचारक ग्रुप के संचालक द्वारा 2 लाख 95 हजार की ठगी
ट्रेवल एजेंट से अमृतसर से सिंगापुर के लिए ली थी टिकटें और वीजा
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा।
सभ्याचारक ग्रुप के संचालक बहादर सिंह निवासी कोठा गुरु (भटिंडा) की ओर से मोगा के एक ट्रेवल एजेंट से विदेशी पैकेज टूर के लिए टिकटें तथा वीजा लगवाकर उसके साथ 2 लाख 95 हजार रुपये की ठगी मारे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मोगा को दिए शिकायत पत्र में संदीप कुमार पुत्र अमरेश कुमार निवासी मितल रोड मोगा ने कहा कि वह अलग-अलग एयर लाइनों की टिकटों की खरीद-बेच करता है। सभ्याचारक ग्रुप का संचालक कथित आरोपी बहादर सिंह हमसे टिकटें तथा वीजा लेते थे और कई बार उधार भी कर लेता था। 5 जुलाई 2017 को हमारे पास आया तथा उसने हमारे से श्री अमृतसर साहिब से सिंगापुर जाने के लिए रिटर्न टिकटों की मांग की, जो हमने उसके सभ्याचारक ग्रुप के लिए 8 वीजा तथा 15 टिकटें दीं। जिसके 3 लाख 19 हजार रुपये बनते थे। जिसमें उसने हमें 1 लाख 5 हजार रुपये का चेक दे दिया, जो बाद में कैश नहीं हुआ। इसके बाद उसने हमसे 6 विदेशी पैकेज हासिल करके 4 पैकेजों की राशि जो 81 हजार रुपये बनती थी, कुछ दिन के बाद देने का इकरार किया। हमने कई बार उससे पैसों की मांग की, लेकिन पैसे देने से टालमटोल करता रहा। इस तरह उसने हमारे साथ 2 लाख 95 हजार रुपये की ठगी मार ली तथा पैसे मांगने पर हमें धमकियां देने लग पड़ा।
इस मामले को गंभीरता से लेते इसकी जांच डीएसपी सिटी केसर सिंह की ओर से की गई। जांच समय जांच अधिकारी ने दोनों पक्षों को अपना बयान दर्ज कराने तथा दस्तावेज पेश करने के लिए कहा। जांच के बाद शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए जाने पर थाना सिटी मोगा की ओर से संदीप कुमार के बयान पर सभ्याचारक ग्रुप के संचालक बहादर सिंह पुत्र हरमेल सिंह निवासी मराड़ा का अगवाड़ कोठा गुरु (भटिंडा) के खिलाफ धोखाधड़ी तथा धमकियां देने के आरोपों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की अग्रिम जांच सहायक थानेदार बलवीर सिंह की ओर से की जा रही है। उन्होंने बताया कि कथित आरोपी की गिरफ्तारी बाकी है।