थाने में युवक को थर्ड डिग्री टॉर्चर
-अवैध शराब बेचने का आरोप, पीड़ित को घर से उठा लाए थे पुलिसकर्मी
-युवक ने मुख्यमंत्री समेत कई जगह दी शिकायत
-एसएसपी ने मामले की जांच एसपी (डी) को सौंपी
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला।
एक नौजवान ने पुलिस पर उसके गुप्तांगों पर करंट व पेट्रोल लगाकर टॉर्चर करने के आरोप लगाया है। जिला पुलिस मुखी हरजीत सिंह को दी शिकायत में अजीत पाल सिंह ने कहा कि उसके घर बरनाला पुलिस के तीन हवलदार आए। उससे पुलिस वाले कहने लगे कि वह अवैध शराब बेचता है और उसने नाजायज शराब के डिब्बे कहां रखे है। उसने कहा कि वह घर की तलाशी ले सकते हैं, उसके घर शराब नहीं है और न ही वह अवैध शराब बेचने का धंधा करता है। पुलिस वाले उसको हिरासत में लेकर कई जगह घुमाते रहे, लेकिन उससे कहीं से भी शराब बरामद नहीं हुई। उसने कहा कि इसके बाद पुलिस वाले उसे थाना सदर बरनाला ले गए, जहां उससे गाली गलौच की। साथ ही उसे बुरी तरह पीटने लगे। सहायक थानेदार ने हवलदारों से कहा कि यह ऐसे नहीं मानेगा करंट लगाने वाली मशीन लेकर आओ और गुप्तांग में लगा दो। पुलिस कर्मचारियों ने उसे नंगा करके गुप्तांग में करंट लगा दिया। इससे वह तड़पने लगा। इसके बाद पुलिस वाले शौच वाली जगह पर पेट्रोल लगाकर पीटने लगे। पुलिस वाले आपस में बातें करने लगे कि अब इसे जल्द नहीं छोड़ना, जब इसके जख्म ठीक हो जाएंगे, तब इसे छोडे़ंगे। उन्होंने उस पर एक अवैध शराब का झूठा मामला भी दर्ज कर दिया, ताकि वह उसे दो दिन थाने में रखकर उसके जख्म ठीक कर सकें। उसके घाव ठीक होने के बाद ही उसे रिहा किया गया। शिकायतकर्ता अजीत पाल सिंह ने एसएसपी बरनाला, डीजीपी पंजाब पुलिस, मुख्यमंत्री पंजाब सरकार व मानवाधिकार कमीशन को शिकायतें भेजकर गुहार लगाई है कि आरोपी पुलिस अधिकारियों के तबादले कर उन पर मामला दर्ज किया जाए। संपर्क करने पर जिला पुलिस मुखी हरजीत सिंह ने कहा कि मामले की जांच एसपी (डी) सुखदेव सिंह विर्क को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।