अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर।
दाना मंडी में मंगलवार रात चोरों ने एक साथ तीन दुकानों पर धावा बोलकर हजारों का सामान और नकदी चोरी कर ली।
जानकारी के अनुसार नई अनाज मंडी स्थित मै. हंसराज राजिंद्र कुमार के संचालक राजिंद्र कुमार ने बताया कि चोरों ने दुकान की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में रखी अलमारियों को खंगाला और नीचे दुकान में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर 46 हजार की नकदी, बैटरी व इनवर्टर चोरी कर ले गए। साथ ही उन्होंने कौर सिंह एंड संस से गेहूं साफ करने वाले पंखे की मोटर और अन्य सामान चुरा लिया। इसके अलावा उन्होंने बाल चंद प्रदीप कुमार की दुकान का ताला तोड़ा लेकिन कुछ ले जा नहीं सके। सूचना मिलते ही थाना नं. 1 की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद दुकानदारों नौरंग राम नांदीवाल, जसविंदर जस्सी, नीरज गोदारा, सतपाल बांसल, रमेश कंबोज, जगदीश बेनीवाल ने रोष जताते हुए कहा कि मंडी में कुछ दिन पहले भी चोरी हुई थी। उन्होंने बताया कि मार्केट कमेटी ने चौकीदार भी नियुक्त किए हैं। बावजूद इसके चोरियों में आए दिन इजाफा हो रहा है। दुकानदारों ने कहा कि मंडी में काफी लोग झोपड़ियां बनाकर रहते हैं। पुलिस के पास उनका कोई रिकार्ड नहीं है। दुकानदार ने एसडीएम से मिलकर इस समस्या की ओर ध्यान देने की मांग की है।
इस समाचार की फोटो एबीआर 3 भेजी जा रही है।