पुलिस अधिकारी पर हमला वर्दी फाड़ी
पुलिस अधिकारी ने भाग कर अपनी जान बचाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
पुलिस के सहायक सब-इंस्पेक्टर की वर्दी फाड़ने तथा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जबकि आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। तिब्बड़ पुलिस स्टेशन इंचार्ज कुलवंत सिंह ने बताया कि गांव नवां पिंड हुंदल की बलजिंद्र कौर ने पुलिस को गांव के ही रहने वाले मंगल सिंह पुत्र बचन सिंह के खिलाफ शिकायत दी थी। इसकी जांच का काम तिब्बड़ पुलिस स्टेशन में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर भप्पी मसीह को सौंपा था। इस संबंध में जब वह गांव में जांच के लिए गया तो उसे रास्ते में ही मंगल सिंह मिल गया। जब सहायक सब-इंस्पेक्टर भप्पी मसीह ने मंगल सिंह को बताया कि उसके विरुद्ध पुलिस को शिकायत मिली है तो वह भड़क उठा। उसने भप्पी मसीह की पहले वर्दी फाड़ दी तथा हाथ में पकड़े बल्ले से पुलिस अधिकारी पर हमला कर दिया। भप्पी मसीह ने बहुत मुश्किल से भाग कर अपनी जान बचाई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि भप्पी मसीह के बयान के आधार पर मंगल सिंह पुत्र बचन सिंह के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।