हेरोइन के साथ दो युवक गिरफ्तार
नवांशहर।
सीआईए स्टाफ ने गढ़शंकर के दो युवकों को एक किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली में नाइजीरिया के कुछ लोगों से हेरोइन लाकर नवांशहर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की फिराक में थे।
डीएसपी (डी) हरविंदर सिंह और काउंटर इंटेलीजेंस पटियाला के डीएसपी हरदीप कुमार ने बताया कि सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरिंदर चांद की अगुवाई वाली पुलिस पार्टी ने गांव नीलोवाल के पास एक गाड़ी को रोका। इसमें सवार गढ़शंकर के गांव वाहिदपुर निवासी सुखविंदर सिंह बिल्लू और गांव चक्क रौंता निवासी दलजीत सिंह से एक किलो हेरोइन बरामद हुई। दलजीत सिंह पर पहले भी कुछ मामले दर्ज हैं। दलजीत पर हत्या और एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। इसके अलावा दूसरे आरोपी सुखविंदर सिंह के खिलाफ भी दो मामले दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ राहों थाने में एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया। वहां से चार दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। बता दें कि कुछ दिन पहले भी सीआईए स्टाफ ने गांव गढ़ी कानूनगो चौक के पास भी गांव दौलतपुर निवासी दो युवकों को एक किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था।