महिला को बंधक बना गहने, नगदी लूटी
36 हजार रुपये, 16 तोले सोने के गहने ले गए दो नकाबपोश लुटेरे
अमर उजाला ब्यूरो
रोपड़।
नूरपुरबेदी के गांव बड़वा में बुधवार दोपहर करीब दो बजे एक महिला को चाकू की नोक पर बंधक बना 16 तोला सोने के गहने और 36 हजार रुपये लूट ले गए। वारदात को अंजाम देकर मंकी कैपौर हाथों में दस्तानें पहने लुटेरे फरार हो गए। सूचना के बाद नूरपुरबेदी के थाना प्रभारी कुलवीर सिह कंग ने पुलिस पार्टी के साथ जांच शुरु कर दी।
बंधक बनाई गई महिला जसविंदर कौर पत्नी रजनीश सैनी ने बताया कि करीब पौने 2 बजे उसके ससुर प्रीतम चंद सैणी नूरपुरबेदी से कुछ सामान खरीदने गए थे। इसी दौरान मंकी कैप, हाथों में दस्तानेृ आंखों पर चश्मे पहने हुए आए। एक व्यक्ति गेट के अंदर आकर पूछा कि उनके ससुर कहां हैं। उसने जवाब दिया कि यही हैं, आप दस मिनट बाद आ जाना। तभी अंदर घुसे व्यक्ति ने चादर से चाकू निकाला और उसे धमकाकर अंदर ले गया और शोर मचाने पर बरामदे में खेल रहे उसके बच्चों को मारकर बाथरूम में फेंकने की धमकी दी। इसके बाद दूसरा व्यक्ति भी अंदर आ गया। उसे चुन्नी से बांधकर नीचे गिरा दिया। करीब 10 मिनट तक लुटेरे उसके वउसकी जेठानी के कमरे की अलमारियों को खंगालते रहे। लुटेरे करीब 36 हजार रुपये 16 तोले सोने के गहने लेकर फरार हो गए। नूरपुरबेदी के थाना प्रभारी कुलवीर सिह कंग ने बताया कि पुलिस कई थ्योरियों पर जांच कर रही है। पीड़ित बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।