गांव बीरेवाला डोगरा की महिला सरपंच सस्पेंड
ब्लॉक पंचायत व विकास अफसर द्वारा पुष्टि की
मानसा।
गांव बीरेवाला डोगरा में केंद्रीय फंड से खेल स्टेडियम के निर्माण के कामों में लापरवाही बरतने को लेकर पंचायती विभाग ने गांव की महिला सरपंच को मुअत्तल कर दिया है। इसकी ब्लाक पंचायत व विकास अफसर द्वारा पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार गांव बीरेवाला डोगरा में साल 2016 में केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल की ओर से दी गई ग्रांट से खेल स्टेडियम का निर्माण कराया गया था। इसमें बरती गई सामग्री व लापरवाही को लेकर कुछ व्यक्तियों ने लिखित तौर पर डीसी मानसा को शिकायत भेजी, जिसकी जांच कराने पर इस पूरे मामले में गांव बीरेवाला डोगरा की महिला सरपंच हरजीत कौर की लापरवाही पाई गई। आरोप पाया गया कि इसमें फंडों का इसमें सही ढंग से प्रयोग नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि बुधवार को उक्त विभाग की एक टीम इसकी जांच करने के लिए गांव भी आई। बीडीपीओ बुढलाडा लैनिन गर्ग ने बताया कि उक्त कामों में लापरवाही को लेकर गांव की सरपंच हरजीत कौर को सस्पेंड करके उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच भी साथ-साथ की जा रही है। महिला सरपंच हरजीत कौर का कहना है कि उनको इस संबंधी अभी तक कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि उन द्वारा गांव में पारदर्शिता व सही तरीके से काम करवाए गए हैं। कुछ व्यक्तियों द्वारा शिकायतें जरूर की गई हैं। उनके पास शिकायतों के प्रति हर तरह का जवाब मौजूद है।