नहीं थम रहीं चोरियां, दुकान से नगदी और सामान चोरी
रायपुररानी। रायपुररानी में चोरों ने पुलिस की नींद उड़ा रखी है। यहां रोजाना दुकानों के ताले टूट रहे हैं। वारदात की इन घटनाओं को रोकने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। तमाम प्रयासों के बावजूद रायपुररानी में चोरियों का सिलसिला जारी है। सोमवार को रात भी चोरों ने रायपुररानी के मेन मार्केट में स्थित विजय टी स्टाल की दुकान में घुसकर नगदी साफ कर गए। दुकानदार विजय कुमार पुत्र कांशीराम निवासी रायपुररानी ने बताया कि चोर दुकान में छत के रास्ते घुसे थे। जो कीमती समान और नगदी ले गए। चोरी के बाद दुकानदार सदमे में हैं। बता दें कि दो दिन पहले भी रायपुररानी नारायणगढ़ रोड पर तहसील कार्यालय के नजदीक शारदा खल फीड स्टोर ताला तोड़कर चोर दुकान से एलसीडी, नगदी और कीमती सामान ले गए थे।