2500 रुपये समेत बीड़ी-सिगरेट से भरी पेटी चुराई
रामदरबार फेस-2 में दो युवकों ने अंजाम दी वारदात, पुलिस नहीं लगा सकी कोई सुराग
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। रामदरबार फेस-2 के मकान नंबर 2349 के समीप बीते शनिवार को दो अज्ञात युवक एक दुकानदार के 2500 रुपये समेत बीड़ी-सिगरेट से भरी पेटी चुराकर फरार हो गए। दुकानदार ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन जब तक कोई अन्य राहगीर उनकी मदद कर पाता, आरोपी भागने में कामयाब हो गए। वारदात की सूचना पर सेक्टर-31 थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्हें दुकानदार ने अपनी पहचान 2349 मकान नंबर निवासी बंटी कुमार के रूप में बताई। उन्होंने बताया कि घर के समीप ही उनकी नकदी व बीड़ी सिगरेट से भरी पेटी रखी थी। उस दौरान दोनों अज्ञात युवक पेटी को चुरा कर फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है, लेकिन आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है।