लिफ्ट के बहाने महिला को कार में बैठाकर ले उड़े सोने के कंगन
कार चालक समेत दो महिलाओं ने दिया वारदात को अंजाम
पुलिस ने खंगाली सीसीटीवी फुटेज, नहीं मिला आरोपियों का सुराग
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-34 में शुक्रवार सुबह एक 65 वर्षीय महिला को कार सवार दो महिलाओं सहित तीन लोगों ने लिफ्ट देने के बहाने जबरन कार में बैठा लिया और करीब तीन तोले के सोने के दो कंगन लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब गुरु पर्व के मौके पर बुजुर्ग गुरुद्वारे में माथा टेकने के बाद अपने घर लौट रही थीं।
वारदात की सूचना पाकर सेक्टर-34 थाना प्रभारी बलदेव कुमार ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-35डी निवासी पीड़िता 65 वर्षीय हरमिंदर कौर बताती हैं कि वे गवर्नमेंट जॉब से रिटायर हैं। गुरुपर्व के मौके पर सुबह करीब 9 बजे सेक्टर-34 स्थित गुरुद्वारे में माथा टेकने निकलीं थीं। करीब साढ़े दस बजे वहां से बाहर आईं। वे पैदल ही अपने घर की ओर चली पड़ीं। सेक्टर-34 पुलिस स्टेशन से कुछ दूरी आगे पहुंचीं तो उनके पास एक सफेद रंग की कार रुकी। कार में दो महिलाएं करीब 45 से 50 साल और एक कार चालक युवक मौजूद था। महिलाएं उनसे पंजाबी में हालचाल पूछने लगीं। जब हरमिंदर ने कहा कि वे उन्हें नहीं जानतीं तो इतने में एक महिला कार से बाहर उतरी और धक्का देकर उन्हें जबरन कार में बैठा लिया। शोर मचाया तो उन्होंने करीब 4 मिनट के बाद पिकाडली चौक से पहले नीचे उतार दिया। इसके बाद देखा तो हाथ में दोनों कंगन नहीं थे। पीड़िता के अनुसार दोनों कंगन साढ़े उनतीस ग्राम के थे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
वारदात के समय तीन कार सीसीटीवी कैमरे में कैद
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाईं और आरोपी महिलाओं की तलाश में जुट गईं। पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात स्थल के आसपास से सीसीटीवी फुटेज हाथ लगी। इसमें दो-तीन कारें फुटेज में कैद हुई हैं, लेकिन इससे यह साफ नहीं हो पा रहा कि किस कार में सवार में महिलाओं ने वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस आसपास के एरिया में लगे और सीसीटीवी कैमरों की तलाश में जुटी है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।
पुलिस ने दोहराया क्राइम ऑफ सीन
वारदात के बाद पुलिस ने पीड़िता और घटनास्थल के आसपास लोगों के बयान दर्ज किए। इसके बाद पुलिस पीड़िता को उस जगह दोबारा ले र्गई जहां पर उन्हें कार में बैठाया गया था। इसके बाद पुलिस पीड़िता के साथ उन रास्तों पर गई, जहां-जहां से कार गुजरी थी। इस तरह से पुलिस ने दोबारा सीन रिक्रेएट करवाया।
इससे पहले भी ट्राइसिटी हो हुईं है ऐसी वारदात
1. 29 सितंबर को सेक्टर-43 में कार सवार दो महिलाओं सहित तीन लोग 70 वर्षीय निर्मल मेहंदीरत्ता से सोने के दो कंगन लेकर फरार हो गए।
2. 3 सितंबर को जीरकपुर में लिफ्ट देने के बहाने एक महिला के गहने ले उड़े थे।
3. 1 मई को नाडा साहिब गुरुद्वारे के पास कार में लिफ्ट देने के बहाने दो महिलाएं पंचकूला सेक्टर-26 निवासी एक महिला से सोने की चेन लेकर फरार हो गईं थीं।
4. 22 फरवरी को 69 वर्षीय रजिंदर कौर जीरकपुर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इतने में कार सवार लिफ्ट देकर महिला से सोने के दो कंगन और रिंग लेकर फरार हो गए।