दिल्ली से आकर करता था घरों में चोरी, पुलिस ने दबोचा
सबहेड
होटल व रैन बसेरों में रुककर पहले करता था रेकी, फिर करता था वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने एक ऐसे चोर को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली से आकर चंडीगढ़ के होटल और रेन बसेरों में रुकता था और शहर के अलग-अलग सेक्टरों के घरों से चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पकड़े गए आरोपी की पहचान न्यू दिल्ली के लोधी कांप्लेक्स निवासी पवन हुड्डा (32) के रूप में हुई है। रविवार को आरोपी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
बता दें कि शहर के अलग-अलग सेक्टरों में चोरी की वारदातें सामने आ रही थीं। इसके बाद सेक्टर-36 थाना प्रभारी रणजोध सिंह की अगुवाई में टीम गठित की गई। शनिवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अलग-अलग सेक्टरों के घरों में चोरी करना वाला आरोपी सेक्टर-43 के पास घूम रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने नाकेबंदी कर आरोपी पवन को दबोच लिया। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी दिल्ली से आकर चंडीगढ़ के होटल और रेन बसेरों में रुककर पहले घरों की रेकी करता था और फिर मौका देखकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पकड़े गए आरोपी पर शहर के अलग-अलग थाने और मोहाली के थाने में घरों में चोरी करने के मामले में केस दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि रिमांड के दौरान पकड़े गए आरोपी से कुछ अहम खुलासे हो सकते हैं।
स्कोडा कार से आता था चंडीगढ़
जांच में पता चला है कि आरोपी पवन हुड्डा दिल्ली से स्कोडा कार से चंडीगढ़ आता था और चोरी की वारदात के बाद सारा सामान कार से ही लेकर दिल्ली रवाना हो जाता था। अब पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर यह बात पता करेगी कि वह चोरी का माल दिल्ली में कहां ठिकाने लगाता था। इसके अलावा पुलिस यह भी पता करेगी कि वह अब तक कितने घरों में चोरी कर चुका है।