चुवाड़ी के युवक से पठानकोठ में लूट, चाकू से किया लहूलुहान
अस्पताल में दवाई लेने गया था बिट्टू, लौटते समय ऑटो में हुई लूटपाट की वारदात
पठानकोट।
चंबा के गांव परियात, चुवाड़ी के युवक से पठानकोट में लूटपाट की घटना सामने आई है। युवक पठानकोट के एक अस्पताल में दवाई लेने गया था। यहां से लौटते समय उसके साथ ऑटो में बैठे तीन युवकों ने चाकू दिखकर इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने युवक से तीन हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया। पीड़ित युवक बिट्टू ने जब लुटेरों का विरोध किया तो उन्होंने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया गया। थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस ने बिट्टू की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिट्टू ने बताया कि वह पठानकोट के एक अस्पताल से दवाई लेने आया था। दवाई लेने के बाद उसने घर के लिए कुछ खरीदारी की। इसके बाद वह रात करीब साढ़े नौ बजे ढांगू चौक से ऑटो में बैठ गया। युवक के अनुसार जैसे ही वह आदर्श भारतीय कॉलेज के पास पहुंचा तो ऑटो में उसके साथ बैठे तीन अन्य युवकों में एक ने चाकू निकाल लिया और जेब में रखे पैसे निकालने को कहा। बिट्टू ने जैसे ही इन युवकों का विरोध किया तो उन्होंने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इससे बिट्टू का हाथ बुरी तरह घायल हो गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।