एचआईवी ग्रस्त दो ड्रग पैडलर्स को जेल भेजा
- पुलिस ने अलग-अलग जगह से किया था गिरफ्तार
- पुलिस ने 7-8 अन्य युवकों की पहचान की
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
नशे की इंजेक्शन लगाने और बेचने का काम करने वाले दो तस्करों को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी एचआईवी ग्रस्त हैं।
टीम ने सेक्टर-22 निवासी हरपाल सिंह को सेक्टर-23 स्थित मंदिर के पास से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह अपने साथ 70 नशीले इंजेक्शन लेकर जा रहा था। वहीं दूसरी टीम ने बाल भवन के समीप से सेक्टर-22 निवासी अमरजीत सिंह को काबू कर उसके पास से 32 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों नशे के इंजेक्शन लगाते और बेचते हैं। साथ ही दोनों एचआईवी ग्रस्त हैं। दोनों को पहले से ही एचआईवी होने के बारे में जानकारी थी, लेकिन इसके बावजूद जानबूझकर खुद इस्तेमाल की गई सीरिंज दूसरों को देते थे।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों के साथ नशा करने वाले करीब 8-10 अन्य युवकों की पहचान की है। वहीं मामले में जांच शुरू कर दी है कि ताकि उनका भी मेडिकल कराकर यह पता लगाया जा सके कि वे सब कहीं एचआईवी से ग्रस्त तो नहीं हैं।