घर के पास खड़ी कार के चारों एलॉय व्हील चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-30 के मकान नंबर-180/ए के समीप से अज्ञात चोर वहां खड़ी एक वेरना कार (पीबी-07एएफ-0123) के चारों एलॉय व्हील खोलकर ले गए। चोरों ने वारदात को बीती 23/24 नवंबर की मध्यरात्रि अंजाम दिया, लेकिन इसके बारे में पता उस समय लगा, जब सेक्टर-30 निवासी महिला घर से बाहर निकली। उन्होंने कार को बगैर एलॉय व्हील के खड़ा देख वारदात की सूचना पुलिस को दी। थाना इंडस्ट्रियल एरिया के पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर उनसे पूछताछ की। महिला ने बताया कि उन्होंने अपनी कार को घर के समीप पार्क किया था, लेकिन जब सुबह घर से निकली तो कार के चारों एलॉय व्हील गायब मिले। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।