एक रात में तीन जगह चोरी, शातिरों ने गहने-नकदी पर किया हाथ साफ
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की छानबीन, सीसीटीवी फुटेज खंगाली
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
पुलिस की लाख मुस्तैदी के बावजूद भी शहर में चोरी की वारदातें कम होने का नाम नहीं ले रही है। अज्ञात चोरों ने सेक्टर-22 से 7 हजार, सेक्टर-30 से गहने और सेक्टर-50 से 1200 रुपये व अन्य सामान चोरी किया है। शातिरों ने तीनों वारदातों को एक ही रात में अंजाम दिया। हालांकि अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन चोरों का दूर-दूर तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। वहीं वारदात के बाद पुलिस आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुट गई है, जिससे आरोपियों की पहचान हो सके। वहीं, पहली वारदात- सेक्टर-22 ए की है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित अमरजीत सिंह ने बताया कि वह सेक्टर-22 सी में रहते है। उनकी सेक्टर-22 ए में वेरका बूथ है। किसी ने उनके बूथ से 7 हजार रुपये चोरी कर लिए। शिकायत के बाद सेक्टर-17 थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर, दूसरी वारदात- सेक्टर-30ए की है। पुलिस को शिकायत में कृष्णा देवी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ रहती है। उन्होंने बताया कि किसी ने उनके घर से सोने का सेट, रिंग और कान की बालियां चोरी कर ली हैं। पीड़िता की शिकायत के बाद इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीसरी वारदात सेक्टर-50 की है। शिकायतकर्ता केसर सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका सेक्टर-50 में वीटा मिल्क बूथ है। किसी ने उनके बूथ से 1200 रुपये और देशी घी पैकेट चोरी कर लिए है। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।