रोज फेस्टिवल: मौके पर चालान का भुगतान नहीं होने से बुजुर्ग परेशान
सबहेड
पार्किंग फुल मिलने पर रोड बर्म पर 78 वर्षीय बुजुर्ग ने पार्क की थी गाड़ी, पुलिस ने किया चालान
- बुजुर्ग ने कहा रोज फेस्टिवल व त्यौहारों पर नरम होना चाहिए पुलिस का बर्ताव
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-16 स्थित रोज गार्डन में आयोजित रोज फेस्टिवल में तीन दिन में लाखों लोग पहुंचे। रोज फेस्ट में इतने अधिक लोगों के पहुंचने के चलते रोज गार्डन के चारों तरफ की पार्किंग फुल हो गईं। बीती 23 फरवरी को सेक्टर-44 निवासी 78 वर्षीय सतीश कुमार डडवाल पत्नी व अन्यों पारिवारिक सदस्यों समेत रोज फेस्ट देखने पहुंचे। उनकी गाड़ी पंजाब कला भवन की रोड पर पहुंची तो ट्रैफिक पुलिस की तरफ से सुझाया गया कि जीएमएसएच-16 की दीवार से सटे पार्किंग स्लॉट व अन्य जगहों की पार्किंग फुल है। इसके बाद सतीश डडवाल ने रोड बर्म पर कई लोगों की गाड़ी खड़ी देखी तो उन्होंने अपनी कार भी वहां पार्क कर दी लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने उनका चालान कर दिया। सतीश डडवाल ने मौके पर चालान का भुगतान करना चाहा लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर भुगतान की सुविधा से इनकार कर दिया। इससे बुजुर्ग सतीश डडवाल व उनकी पत्नी समेत अन्यों को परेशान होना पड़ा। कार्रवाई का विरोध जताते हुए सतीश डडवाल ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस को रोज फेस्टिवल व बड़े त्योहारों पर लोगों को राहत प्रदान करनी चाहिए न कि उनकी परेशानी बने। कहा कि रोज फेस्ट जैसे उत्सव पर पुलिसकर्मियों का व्यवहार नरम होना चाहिए। डडवाल ने कहा कि लोगों के लिए कराए जा रहे उत्सव पर भी पुलिस का चालान पर जोर होना निंदनीय है, वह भी तक जब सभी पार्किंग फुल होने पर गाड़ी ऐसी जगह खड़ी की गई थी, जहां ट्रैफिक और लोकमार्ग में कोई बाधा नहीं थी। डडवाल ने कहा कि सीनियर सिटीजन को पार्किंग स्लॉट फुल होने पर ट्रैफिक पुलिस की तरफ से कोई सुविधा प्रदान नहीं की गई।