तनिष्क की मौत की सीबीआई जांच हो : परिजन
परिवार के सदस्यों ने सेक्टर-17 प्लाजा में कैंडल मार्च निकाला
मोरनी रोड पर गोली से मृत पाए गया था पंचकूला निवासी छात्र
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
मोरनी रोड पर अपनी गाड़ी में गोली लगने से मौत का शिकार बने पंचकूला निवासी तनिष्क के परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग करते हुए प्लाजा में कैंडल मार्च निकाला। इस मौके पर परिजनों के अलावा कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।
परिजनों ने विभिन्न पहलुओं पर जांच करने की जरूरत बताई। तनिष्क की मां स्वीटी ने कहा कि उनका बेटा होनहार था और किसी तरह के तनाव में नहीं था। उसके साथ आत्महत्या की कोई वजह नहीं थी। मां ने आरोप लगाया कि तनिष्क को योजनाबद्ध तरीके से मारा गया है। तनिष्क की बहनों अंकिता और सृष्टि ने भी यह मानने से इंकार किया कि वह आत्महत्या कर सकता है। परिजनों ने मांग की है कि या तो इस केस की जांच के लिए एसआईटी बनाई जाए या जांच सीबीआई को दी जाए। कैंडल मार्च के दौरान परिजनों ने कहा कि पुलिस उनको बताए कि तनिष्क के पास पिस्टल कैसे आई। उसके पास जो 99 हजार रुपये फीस के थे, वह कहां हैं? इसके अलावा उसके दोस्तों ने जो बयान दिए हैं, वह भी बताए जाएं।
मौका-ए-वारदात से नहीं मिल रहा डंप
वारदात को सुलझाने में लगी पंचकूला सेक्टर-26 की क्राइम ब्रांच को मोबाइल डंप नहीं मिल पा रहा। जिस जगह पर गाड़ी में शव मिला, वहां मोबाइल नेटवर्क नहीं है। ऐसे में मोबाइल डाटा डंप लेने में दिक्कत आ रही है। अब तक यह भी पता नहीं चल पाया गया पंजाब के खमानू से गायब पिस्टल तनिष्क के पास कैसे पहुंची?