संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। नशा तस्करों पर लगाम लगाने के लिए थाना प्रभारियों के सहयोग से क्राइम ब्रांच की टीमों के साथ मिलकर सुबह 5 से 8 बजे तक विशेष सर्च अभियान चलाया। टीमों ने खड़कमंगोली, राजीव काॅलोनी, बुढ़नपुर और अन्य संदिग्ध स्थानों पर छापे मारे। पुलिस उपायुक्त निकिता खट्टर (कानून-व्यवस्था) ने बताया कि इस ऑपरेशन का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा की भावना को पैदा करना और क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी को बढ़ाना है। इससे समाज में असामाजिक तत्वों के खौफ को दूर किया जा सके।
इस स्पेशल ऑपरेशन के तहत अपराध शाखा की टीमों, थाना की टीम और कमांडो यूनिट के साथ अलग अलग स्थानों पर सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध स्थानों पर छापे मारकर कर संदिग्ध लोगों की तलाशी ली। विशेष सर्च अभियान के तहत थाना प्रभारी सेक्टर-7 सोमबीर ढाका ने डिटेक्टिव स्टाफ निरीक्षक निर्मल सिंह और एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम के साथ खड़क मंगोली, पुराना पंचकूला में संदिग्ध स्थानों पर छापामारी करते हुए तलाशी ली।
इसके अलावा थाना सेक्टर 20 प्रभारी अरुण बिश्नोई ने क्राइम ब्रांच-26 की टीम के साथ गांव अभयपुर तथा अन्य संदिग्ध स्थानों पर तलाशी ली। क्राइम ब्रांच-19 निरीक्षक कर्मबीर सिंह ने थाना प्रभारी सेक्टर 14 के सहयोग से राजीव काॅलोनी और बुढ़नपुर में सर्च अभियान चलाया।