पंचकूला। रायपुररानी में कांग्रेसी प्रत्याशी प्रदीप चौधरी के काफिले पर फायरिंग करने के मामले में क्राइम ब्रांच ने एक बाइक बरामद की है। बाइक जींद के नरवाना से चोरी हुई बताई जा रही है। कयास लगाया जा रहा है कि इसी बाइक का इस्तेमाल तीनों हमलावरों ने गोली चलाने के दौरान किया था। पुलिस जींद के कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। सूत्रों के अनुसार फायर करने वाले आरोपी पंजाब से जुड़े हो सकते हैं। इस मामले में पंजाब पुलिस की भी मदद ली जा रही है। इस मामले की जांच एसटीएफ भी कर रही है। वारदात के बाद कालका से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप चौधरी ने डीजीपी को पत्र लिखकर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी लेकिन अभी तक उनकी सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई है।