संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए सब्जी मंडी सेक्टर-15 के पास से हेरोइन सहित युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी से करीब 296 ग्राम हेरोइन, एक कार, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। आरोपी विजय कुमार उर्फ बुग्गी जीरकपुर का निवासी है। 1 जनवरी की दोपहर क्राइम ब्रांच की टीम गश्त पर थी तभी सूचना मिली कि एक युवक सफेद रंग की आई-20 कार में हेरोइन बेचने की फिराक में सब्जी मंडी के पास खड़ा है। टीम ने कार समेत युवक को काबू कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी से हेरोइन बरामद हुई जिसका वजन करने पर 296.92 ग्राम पाया गया। आरोपी के खिलाफ सेक्टर-14 थाना में मामला दर्ज किया गया है।