संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। सेक्टर-20 में मोबाइल छीनने वाले दो आरोपियों को अदालत ने पांच-पांच साल की सजा सुनाई है। इसके अलावा 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। दोषियों की पहचान जसविंद्र और रोहित कुमार जीरकपुर जिला मोहाली निवासी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2021 को पीड़ित सुभाष यादव गांव कुंडी सेक्टर-20 निवासी ने दी शिकायत में बताया कि वह शाम को काम से लौट रहा था। जब वह सेक्टर-20 मार्केट के पास पहुंचा तो पीछे से मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आए और हाथ से मोबाइल छीनकर भागने लगे। तभी सामने से आ रही कार से उनकी मोटरसाइकिल टकरा गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। सेक्टर-20 पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में आगामी जांच एएसआई देवेंद्र सिंह के द्वारा की गई। जांच में आरोपियों के खिलाफ अदालत में मजबूती से साक्ष्य पेश किए गए। इसके बाद अदालत ने आरोपियों को पांच साल की सजा और 25 हजार रुपये जुर्माना लगाया है।