लापरवाही से वाहन चलाने के दौरान ट्राली की चपेट में आने से हुई मौत के मामले में आरोपी व्यक्ति को जिला अदालत ने सबूतों के अभाव में बरी कर दिया है। बरी होने वाला युवक मोहाली निवासी पाल सिंह है। मामला 30 जुलाई 2018 का है। मृतक के बेटे मोहाली निवासी हरप्रीत ने शिकायत में पुलिस को बताया था कि उनके पिता एक्टिवा से पीजीआई में चेकअप के लिए गए थे। जब वह पीजीआई से वापस घर आ रहे थे तो वह अपनी मोटरसाइकिल से अपने पिता के पीछे ही चल रहे थे। जैसे ही उनके पिता डड्डूमाजरा के तिकोना पार्क पहुंचे तो एक ट्राली चालक ने लापरवाही से कट मार दिया। इससे उनके पिता स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए और उस दौरान ट्राली का एक पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सेक्टर-16 हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पर अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपी की पहचान मोहाली निवासी पाल सिंह के रूप में हुई। सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा आरोपी को न पहचानने के आधार पर कोर्ट ने पाल सिंह को बरी कर दिया।