माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सोमवार आधी रात को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। रात करीब 12 बजे सीएम ने आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण किया। सीएम को देखकर अस्पताल प्रशासन अलर्ट हो गया। उन्होंने अस्पताल साफ रखने का निर्देश दिया। इससे पहले 10:45 बजे आधे घंटे तक अस्पताल की लिफ्ट में एक दंपती फंसा रहा। पुलिस ने दंपती का बाहर निकाला।
पंचकूला सेक्टर-6 के नागरिक अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दंपती और उनका तीन साल का बेटा लिफ्ट में फंस गया। डायल 112 के काल के बाद तीनों को पुलिस ने लिफ्ट से निकाला। कुछ देर बाद सीएम भी अस्पताल में मरीजों का हाल जानने पहुंच गए। हालांकि इस मामले की भनक उन्हें अस्पताल प्रबंधन ने नहीं लगने दी। लिफ्ट में फंसे अंश कुमार ने बताया कि वह अपने परिवार से मिलने तीसरी मंजिल में आया था।
जैसे ही वह नीचे जाने लगा तो लिफ्ट एक दम से झटके मारकर रुक गयी। काफी आवाज देने पर किसी की आवाज नहीं आई। मदद न मिलने पर डायल 112 को फोन किया। पुलिस ने मौके पर आकर तीनों लोगों को लिफ्ट से निकाला। जांच अधिकारी जगमाल सिंह ने बताया कि डायल 112 में काल आई थी कि लिफ्ट में तीन लोग फंस गए हैं। हमने मौके पर पहुंचकर तीनों को बाहर निकाला। अंश कुमार ने बताया कि हम शिक्षित हैं, तो हमने डायल 112 पर फोन कर दिया, कोई अनपढ़ होता तो वह कैसे लिफ्ट से निकलता।