संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। कोरोना कर्मचारी एसोसिएशन के सदस्यों ने अपनी मांगों को लेकर बुधवार को सेक्टर-2 एनएचएम ऑफिस के बाहर पीपीटी किट पहनकर प्रदर्शन दिया। प्रदर्शन के दौरान एसोसिएशन के सदस्यों ने जल्द से जल्द करीब 2200 कोरोना कर्मचारियों की नियुक्ति करवाने की मांग की। प्रदर्शन के कुछ देर बाद ही एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल की टीम को एनएचएम के सीनियर अधिकारियों ने मिलने के लिए बुलाया। उसके बाद प्रतिनिधिमंडल को सीएम के ओएसडी से मुलाकात करवाई गई। एसोसिएशन के प्रधान संदीप सिद्धू ने बताया कि ओएसडी ने मुलाकात के दौरान कहा कि बुधवार को ही सरकार के सीनियर अधिकारियों की मीटिंग है। मीटिंग में हेल्थ एंड फाइनेंस डिपार्टमेंट के एसीएस मौजूद होंगे। मीटिंग में ही कोरोना कर्मचारियों की नियुक्ति पर विचार किया जाएगा। एसोसिएशन के प्रधान ने बताया कि उन्हें ओएसडी भूपेश्वर दयाल ने आश्वासन दिया है कि वीरवार से कोरोना कर्मचारियों के नियुक्ति को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और जल्द ही उनकी नियुक्ति करवा दी जाएगी। बता दें कि बुधवार को कोरोना कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग को लेकर सीएम आवास घेराव करने की घोषणा की थी। सुबह से ही सेक्टर-5 धरना स्थल पर राज्यभर से कोरोना कर्मचारी एसोसिएशन के सदस्य एकत्रित पहुंचने लगे थे। सीएम आवास के घेराव की योजना के मद्देनजर एनएचएम के अधिकारियों ने उन्हें बातचीत के लिए बुलाया और उसके बाद कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल को सीएम के ओएसडी से मिलवाया गया। पिछले काफी समय से एसोसिएशन का धरना सेक्टर-5 स्थित धरना स्थल पर चल रहा है।
एसोसिएशन की मुख्य मांगें
- जिन कर्मचारियों की बहाली नहीं हुई है उनको बहाल करवाना है।
-सभी कर्मचारियों को एनएचएम में खाली पड़े पदों पर शामिल करना है हरियाणा सरकार द्वारा हर बार 3 महीने की एक्सटेंशन की जा रही है एसोसिएशन की मांग है कि 1 साल का एक्सटेंशन लेटर बनाकर एनएचएम में शामिल करे।
-सभी कर्मचारियों के लिए जॉब सुरक्षा गारंटी कानून बनाया जाए।
-समान काम समान वेतन दिया जाए।
-पक्के कर्मचारियों की तरह सभी छुट्टियां व मैडिकल की सुविधा दी जाए।