चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने किसान संगठनों के नेताओं के साथ बुधवार को प्रस्तावित वार्ता से पहले अपनी तैयारी पूरी कर ली है। मंगलवार को सीएम मनोहर लाल ने डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला व गृह मंत्री अनिल विज के साथ बैठक की। सूत्रों के अनुसार बैठक में किसानों पर आंदोलन के दौरान दर्ज सामान्य मामले वापस लेने पर चर्चा हुई। बुधवार सुबह 11 बजे प्रस्तावित बैठक में केस वापसी पर निर्णय लिया जा सकता है। संज्ञेय अपराध के मामलों की वापसी पर पेच फंस सकता है। 45 हजार किसानों पर 200 एफआईआर विभिन्न जिलों में दर्ज हैं। बुधवार को किसान संगठनों व सरकार के बीच प्रस्तावित कार्यक्रमानुसार बैठक होती है तो इसमें पुलिस व गृह विभाग के अधिकारी दर्ज मामलों को लेकर विस्तार से अपनी बात रखेंगे।