पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों और अफसरशाही के बीच टकराव पैदा होने लगा है। सत्तापक्ष के विधायकों की सुरक्षा में ढिलाई पर एतराज जताते हुए पंजाब विधानसभा की विधायकों की कमेटी ने सूबे के गृह सचिव को तलब कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, विधानसभा की विशेषाधिकार समिति के सदस्य बीते दिनों नंगल में एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। इस दौरान प्रोटोकाल के अनुसार विधायकों को सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई, जिसके चलते विशेषाधिकार समिति ने इसकी शिकायत विधानसभा के स्पीकर से की। स्पीकर के आदेश पर विधानसभा प्रशासन ने गृह सचिव को विधायकों की शिकायत भेजकर जवाब-तलब किया लेकिन गृह सचिव ने इस पर कोई जवाब ही नहीं दिया। इससे नाराज विशेषाधिकार कमेटी ने कड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश के गृह सचिव अनुराग वर्मा को 18 अक्तूबर को दोपहर ढाई बजे विधानसभा सचिवालय में विधायकों की कमेटी के समक्ष पेश होने के आदेश दिए हैं।
उधर, यह भी पता चला है कि गृह सचिव ने उक्त मामले में नंगल के एसएसपी से रिपोर्ट तलब कर ली है। इसके साथ ही गृह सचिव द्वारा अपने विभाग की एक शाखा के सीनियर सहायक को निलंबित भी कर दिया है। इस संबंध में विशेषाधिकार कमेटी के चेयरमैन कुलवंत सिंह पंडोरी ने बताया कि नंगल में विशेष सत्कार कमेटी के दौरे के दौरान प्रोटोकाल कमेटी के सदस्यों को सुरक्षा नहीं करवाई गई थी। उन्होंने बताया कि प्रोटोकाल के अनुसार अधिकारियों को हाजिर रहना चाहिए। इसकी शिकायत उन्होंने विधानसभा के स्पीकर से की थी और विधानसभा की ओर से गृह सचिव से जवाब मांगे जाने पर उन्होंने कोई जवाब ही नहीं दिया इसीलिए अब गृह सचिव को तलब किया गया है।