मोरनी। गांव उतरों पंचायत के गांव सारयों के ग्रामीण पिछले करीब 15 दिन से पीने के पानी को तरस रहे हैं। ग्रामीण पीने के पानी की कमी को पूरा करने के लिए भटकने को मजबूर हैं। इन ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कईं बार जल सप्लाई विभाग के कार्यालय में शिकायतें भी दर्ज करवाई हैं, लेकिन पानी की सप्लाई नहीं आई। इतना ही नहीं लोग फोन पर कॉल करके जल विभाग के फील्ड कर्मचारियों से लेकर जेई तक को अवगत करवा चुके हैं। लेकिन उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया। जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और जेई की अनदेखी के कारण ग्रामीणों में रोष है।
इस समस्या को लेकर गांव सारयों के रहने वाले ग्रामीण हरदयाल सिंह ने बताया कि उनके गांव के लोगों को पीने के पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दस दिन पहले विभाग के मोरनी बूस्टर स्टेशन पर इसकी शिकायत दर्ज करवाई थी। साथ ही जेई पराग कौशिक को भी इस बारे में बताया था। लेकिन इस शिकायत का कोई समाधान नहीं हो सका और न ही उनके गांव में पानी की कमी दूर हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के कर्मचारियों की अनदेखी से पूरा गांव परेशान है और दूषित जल स्रोत से पानी की जरूरतों को पूरा किया जा रहा है। इस कारण बारिश के मौसम में बीमारी फैलने का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने विभाग के एक्सईएन विकास लाठर से मामले में संज्ञान लेने की गुहार लगाई है ताकि ग्रामीण गर्मी के मौसम में पीने के पानी के लिए भटकने को मजबूर न होना पडे़।