पंचकूला। सेक्टर-1 लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर लगाया गया। इस दौरान डीसी मोनिका गुप्ता की अध्यक्षता में तीन मामलों की सुनवाई हुई। पहले मामले में ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी के चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत कृष्ण कुमार ने दी। डीसी ने मामले की जांच बिठाते हुए सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समिति को एक सप्ताह में रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। वहीं गांव श्यामपुर के ग्रामीणों की नदी से अवैध खनन को लेकर दी शिकायत मामले में डीसी ने अधिकारियों को फटकार लगाई और एसडीएम पंचकूला चंद्रकांत कटारिया को जांच के आदेश दिए। मामले जल्द जांच कर जांच रिपोर्ट मांगी गई है। मट्टेवाला निवासी राजेश की रजिस्ट्री न करने की शिकायत का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारी को जांच के निर्देश दिए। डीसी ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक कार्यदिवस को सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। समस्याओं का समाधान करने में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।