चंडीगढ़। सेना की पश्चिमी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आरपी सिंह ने जीरकरपुर में खड़गा सैपर्स का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यहां चल रही युद्ध की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने ऑपरेशनल तैयारियों को लेकर बारीकी से जानकारी ली और क्षमताओं और मिशन की तैयारी को लेकर सैनिकों का मजबूती से काम करने के निर्देश दिए। सेना कमांडर ने कोरोना चुनौती से निपटने में जवानों की सराहनीय भूमिका की प्रशंसा करते हुए भविष्य की परिचालन चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेना ने कोरोना की जंग जीतने में अहम भूमिका निभाई। जिस तरह से हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ में 100-100 बेड के अस्पतालों की शुरूआत की गई, वह बेहतरीन कार्य है। इसके साथ ही ऑक्सीजन की पूर्ति करने में भी सेना ने सराहनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर कई राज्यों में चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ की कमी की पूर्ति को पूरा करने के लिए सेना के जवानों ने मरीजों के इलाज में जो भूमिका निभाई, वह प्रशंसनीय कार्य था। उन्होंने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उपलब्धियों के लिए फॉर्मेशन के दो कर्मियों को वेस्टर्न आर्मी कमांडर्स प्रशस्ति से सम्मानित किया गया। इस मौके पर खड़का कोर के जीसीओ लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि भी मौजूद रहे।