चंडीगढ़। विजिलेंस ब्यूरो ने मंगलवार को तलवंडी साबो तहसील में तैनात बिल क्लर्क हरजीत सिंह को विवाह प्रमाण पत्र बनाने के बदले 4500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधी धाराओं के तहत बठिंडा में केस दर्ज किया गया है। आरोपी से विजिलेंस पूछताछ कर रही है।
आरोपी क्लर्क के खिलाफ गुरसेवक सिंह निवासी जगा राम तीर्थ तहसील तलवंडी साबो जिला बठिंडा ने शिकायत दी थी। उन्होंंने आरोप लगाया कि क्लर्क हरजीत सिंह उनके विवाह प्रमाण पत्र बनवाने के बदले में 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। सौदा छह हजार में तय हुआ था। 1500 रुपये की पहली किस्त ले गया था, वहीं दूसरी किस्त की मांग कर रहा था। जैसे ही इस मामले की शिकायत आई उसके बाद विजिलेंस ब्यूरो रेंज बठिंडा ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की हाजिरी में शिकायतकर्ता से दूसरी किस्त के रूप में 4500 रुपये की रिश्वत लेते हुए आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।