माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। चिराग योजना के तहत निजी स्कूलों में दाखिले की बात को प्राइवेट स्कूल अभी तक नहीं मान रहे हैं। इसके लिए उन्होंने अभी तक शिक्षा विभाग को अपने यहां की चिराग योजना के अंतर्गत आने वाली सीटों की जानकारी नहीं दी है। इसे लेकर शिक्षा विभाग अब 25 निजी स्कूलों को नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है। पंचकूला शिक्षा विभाग की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक जिले के सभी प्राइवेट स्कूलों को अपनी सीटों की जानकारी बीते 1 फरवरी तक देनी थी। पिछले साल भी स्कूलों ने यह जानकारी नहीं दी। इस बार भी शेड्यूल के बाद यह जानकारी प्राइवेट स्कूलों ने शिक्षा विभाग को नहीं दी है। इसे लेकर शिक्षा विभाग के आलाधिकारियों ने मीटिंग कर अब स्कूलों को नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है।
पंचकूला जिला शिक्षा अधिकारी सतपाल कौशिक ने बताया कि अभी तक 134ए के तहत 650 सीटों पर दाखिला दिया जाता था। अब चिराग योजना के तहत दाखिला प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए शेड्यूल भी जारी किया गया है। अभिभावक या छात्र 15 से 31 मार्च तक चिराग योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं। जो विद्यार्थी निजी स्कूलों में दाखिले के इच्छुक हैं वह चिराग योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं। विभाग की ओर से चिराग योजना के तहत दाखिले के लिए शेड्यूल जारी किया गया है। जो निजी स्कूल जरूरतमंद विद्यार्थियों को अपने स्कूल में दाखिला देने के इच्छुक हैं, उनके विभाग के पोर्टल पर डाटा अपडेट करना होगा।
जानकारी नहीं देने के कारण अभी तक अभिभावक और छात्र अपना रजिस्ट्रेशन नहीं करवा सके हैं। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के जिन छात्रों के अभिभावक की आय एक लाख 80 हजार रुपये से कम है, वह इस योजना के तहत निजी स्कूलों में दाखिला ले सकते हैं। स्कीम के तहत केवल वही छात्र पात्र होंगे। जिन्होंने गत शैक्षणिक वर्ष में अपनी शिक्षा सरकारी विद्यालयों से उत्तीर्ण की हो। छात्र दाखिले के लिए केवल उसके वर्तमान खंड जिसमें वह पढ़ रहे हैं, उसी खंड के मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में उपलब्ध सीटों पर दाखिले के लिए पात्र होंगे और वह खंड में एक से अधिक विद्यालय में दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।
चिराग योजना के तहत दाखिला प्रकिया में सभी सीटों पर दाखिले नहीं हुए है। यह दाखिला करवाया जाना चाहिए। हमारी शिक्षा विभाग से मांग है कि इस पर दाखिला करवाया जाए। - मनीष बांगड़, प्रेसिडेंट, पंचकूला अभिभावक एसोसिएशन
चिराग योजना के तहत स्कूलों से पहली से 12वीं की सीटों की जानकारी मांगी गई है। स्कूलों की ओर से यह जानकारी नहीं दी गई है। अब स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। -सतपाल कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी, पंचकूला शिक्षा विभाग